जिंदल स्टील रायगढ़ संयंत्र में संरचनात्मक इस्पात उत्पादन क्षमता को दोगुना करेगी।

News27: रायगढ़| जिंदल स्टील 2028 के मध्य तक रायगढ़ स्थित अपने संयंत्र में संरचनात्मक इस्पात उत्पादन क्षमता को दोगुना करके 24 लाख टन प्रति वर्ष करने जा रही है। इस विस्तार से एक नई मिल और उन्नत तकनीक की शुरुआत होगी, जिससे भारत में भारी और अति-भारी संरचनात्मक इस्पात खंडों की उपलब्धता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और बुनियादी ढांचे के विकास में सहायता मिलेगी। अपनी उच्च शक्ति, टिकाऊपन ,और लचीलेपन के कारण इस्पात संरचनाएं पुलों, टावरों और विशाल भवनों जैसी अवसंरचना परियोजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। विभिन्न सरकारी योजनाओं और निजी निवेशों के कारण इन परियोजनाओं को बढ़ावा मिल रहा है।

नवीन जिंदल समूह की कंपनी ने एक बयान में कहा कि वह रायगढ़ स्थित अपने संयंत्र में संरचनात्मक इस्पात निर्माण क्षमताओं का महत्वपूर्ण विस्तार कर रही है, जिसके तहत कंपनी 2028 के मध्य तक अपनी मौजूदा संरचनात्मक इस्पात उत्पादन क्षमता को 12 लाख टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) से बढ़ाकर 24 लाख टन प्रति वर्ष कर देगी। कंपनी ने कहा कि इस विस्तार से भारत में भारी और अति-भारी संरचनात्मक इस्पात खंडों की उपलब्धता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और इस क्षेत्र में जिंदल स्टील के नेतृत्व को मजबूती मिलेगी।