तिल्दा में पुलिस सख्त: रात 10 बजे बाद डीजे बजा तो होगी कार्रवाई

थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने डीजे एवं धुमाल पार्टी संचालकों के साथ की बैठक, रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर कार्रवाई और जब्ती के दिए संकेत

अश्लील या आपत्तिजनक गाने बजाने पर भी होगी कार्रवाई, बाहर से आने वाले बड़े डीजे-धुमाल पर भी लागू रहेंगे नियम

By. अविनाश वाधवा
तिल्दा-नेवरा। गणेश प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए तिल्दा-नेवरा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने आज डीजे एवं धुमाल पार्टी संचालकों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश दिए। बैठक में विसर्जन के दौरान डीजे संचालन, निर्धारित समय, ध्वनि स्तर तथा गीत-संगीत को लेकर स्पष्ट रूप से नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने साफ कहा कि रात 10 बजे के बाद डीजे या साउंड सिस्टम बजाने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई डीजे संचालक निर्धारित समय के बाद देर रात तक डीजे बजाता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर डीजे एवं साउंड सिस्टम की जब्ती की कार्रवाई भी की जा सकती है।

‘आवाज बढ़ाओ और देर रात तक बजाओ’ कहने वाली समितियों पर भी नजर

बैठक में थाना प्रभारी ने गणेश समितियों को भी स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई समिति डीजे संचालक पर आवाज बढ़ाने, निर्धारित सीमा से अधिक तेज डीजे बजाने या देर रात तक डीजे चलाने के लिए दबाव बनाती है, तो संबंधित समिति अथवा जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करवाने के लिए किसी डीजे संचालक पर दबाव बनाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। डीजे संचालकों को भी निर्देश दिया गया कि वे किसी के दबाव में आकर नियम न तोड़ें।

अश्लील और आपत्तिजनक गानों पर भी कार्रवाई

थाना प्रभारी ने डीजे एवं धुमाल पार्टी संचालकों को गीत-संगीत को लेकर भी सख्त हिदायत दी। अश्लील, आपत्तिजनक अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले गाने बजाने से बचने के निर्देश दिए गए हैं। यदि विसर्जन जुलूस के दौरान ऐसे गाने बजाए जाते हैं और नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस का कहना है कि गणेश विसर्जन धार्मिक आयोजन है और इसकी गरिमा बनाए रखना आयोजकों एवं डीजे संचालकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बाहर से आने वाले बड़े डीजे और धुमाल पर भी यही नियम

विसर्जन के लिए तिल्दा-नेवरा के बाहर से आने वाले बड़े डीजे, साउंड सिस्टम एवं धुमाल पार्टियों को लेकर भी थाना प्रभारी ने स्पष्ट कर दिया कि स्थानीय हो या बाहरी, नियम सभी के लिए समान रहेंगे।

रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने या अन्य निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विसर्जन के दौरान डीजे संचालन और कानून-व्यवस्था पर निगरानी रखेगी।

थाना प्रभारी का दो टूक संदेश

थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने कहा कि गणेश विसर्जन श्रद्धा और उत्साह का पर्व है, लेकिन उत्सव की आड़ में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समिति हो या डीजे संचालक—नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।

उन्होंने सभी गणेश समितियों एवं डीजे-धुमाल संचालकों से अपील की कि विसर्जन को शांतिपूर्ण, अनुशासित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने में पुलिस का सहयोग करें तथा निर्धारित समय और अन्य नियमों का पूरी तरह पालन करें।