

बिलासपुर। राज्य शासन के निर्देश के बाद बिलासपुर पुलिस ने अवैध अप्रवासियों, बांग्लादेशी घुसपैठियों और बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं सत्यापन के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में रहने वाले 23 संदिग्ध व्यक्तियों को 4 सितंबर 2026 को पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने तक रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया है।
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (IUCAW) रश्मिता कौर चावला के नेतृत्व में सात निरीक्षकों को शामिल कर विशेष टास्क फोर्स (STF) गठित की गई है। सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, दस्तावेजों की जांच और सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं।
पश्चिम बंगाल तक पहुंची पुलिस की जांच
विशेष टीम ने बिलासपुर के विभिन्न इलाकों में जांच और छापामार कार्रवाई कर संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई। दस्तावेजों की प्रमाणिकता की जांच के लिए टीम पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और जंगीपुर पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से मुलाकात कर संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी और दस्तावेज साझा किए गए।
पुलिस के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्रों में बांग्लादेशी नागरिकों के भारत में प्रवेश और उनके ठहरने से जुड़ी गतिविधियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए गए हैं।
संदिग्धों की सूचना देने टोल-फ्री नंबर जारी
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों अथवा बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत व्यक्तियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया गया है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, इस अभियान से पहले भी बिलासपुर में संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। थाना तोरवा क्षेत्र में मोहम्मद हुसैन उर्फ सुब्रती शर्मा उर्फ सागर, निवासी जशोर, बांग्लादेश की पहचान के बाद 12 जुलाई 2025 को उसे बांग्लादेश निर्वासन की कार्रवाई की गई थी।
वहीं, 17 मार्च 2025 को थाना तोरवा में बांग्लादेश की नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में हृदय कुमार शर्मा के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद उसे बांग्लादेश Deportation की कार्रवाई तक रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध घुसपैठ और बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत व्यक्तियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
