अल्पवर्षा से फसल नुकसान, किसानों ने सूखा घोषित करने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

बारिश में पानी का अभाव ,धरती पुत्र चिंतित

By.चैन सिंह गहने


धमतरी। विकासखंड नगरी के ग्राम बोराई क्षेत्र में अल्पवर्षा के कारण किसानों की फसलों पर संकट गहराता जा रहा है। पर्याप्त बारिश नहीं होने से खेतों में खड़ी फसल प्रभावित हो रही है, जिससे क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो फसल उत्पादन पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है।
फसल नुकसान को देखते हुए ग्राम बोराई क्षेत्र के किसानों ने क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने प्रशासन से खेतों में फसल की स्थिति का सर्वे कराने तथा नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करने की मांग की है।
किसानों ने बताया कि चालू कृषि सीजन में बारिश की कमी के कारण फसलों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे फसलें प्रभावित होने लगी हैं और किसानों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति निर्मित होने की आशंका है। किसानों ने प्रशासन से तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच माखनलाल सलाम सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं किसान मौजूद रहे। किसानों ने कहा कि प्रशासन द्वारा जल्द सर्वे कराकर वास्तविक स्थिति के आधार पर राहत एवं मुआवजे की कार्रवाई की जानी चाहिए।

धान की रोपाई पूरी, अब बारिश का इंतजार; अल्पवर्षा से खेत सूखने लगे

किसानों को इस बार अच्छी फसल होने की उम्मीद थी, लेकिन समय पर पर्याप्त बारिश नहीं होने से क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों ने धान की फसल की रोपाई कर दी है, लेकिन अब फसल के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। अल्पवर्षा के कारण खेतों में नमी लगातार कम हो रही है और जमीन सूखने लगी है।
बारिश नहीं होने से धान की फसल के विकास पर असर पड़ने की आशंका किसानों को सताने लगी है। खेती पूरी तरह बारिश पर निर्भर होने के कारण किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए हैं। किसानों का कहना है कि यदि जल्द अच्छी बारिश नहीं हुई तो फसल को नुकसान हो सकता है। ऐसे में किसान खेती और आने वाले दिनों की फसल को लेकर काफी चिंतित हैं।