NEWA27: जगदलपुर: मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी में असफलता से निराशा होकर देशभर के कई छात्रों ने सुसाइड किया, इनमें से एक जगदलपुर की छात्रा हरिका राव नायडू भी है. होनहार बेटी की मौत ने परिवार के साथ-साथ पूरी व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के छत्तीसगढ़ प्रमुख महेंद्र भारद्वाज शनिवार को जगदलपुर के आड़ावाल पहुंचे, जहां उन्होंने हरिका के परिवार से मुलाकात की परिजनों से घटना की जानकारी लेने के साथ ही उन्होंने इस मामले को आगे उठाने और पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही. CJP की केंद्र और राज्य सरकार से परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की. साथ ही नीट-यूजी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं की व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई.
‘क्या बोलती पब्लिक अभियान’ शुरू करेगी CJP
महेंद्र भारद्वाज ने कहा कि यह सिर्फ हरिका का मामला नहीं है, बल्कि उन तमाम युवाओं की चिंता है, जो परीक्षा और व्यवस्था के दबाव से जूझ रहे हैं. CJP अगस्त-सितंबर से ‘क्या बोलती पब्लिक अभियान’ शुरू करने की बात भी कह रहा है, जिसमें शिक्षा, रोजगार और दूसरे लोकतांत्रिक मुद्दों पर युवाओं और आम लोगों की राय सामने लाई जाएगी.
