बछड़े को दफनाने के मिले रुपए के बंटवारे को लेकर विवाद, पिता-पुत्र ने की युवक की हत्या

लकड़ी के बहिंगा और पत्थर से सिर पर किया वार, सन्ना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक रिमांड भी

सन्ना/जशपुर। सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम कंदराई पाठ में मृत बछड़े को दफनाने के बदले मिले रुपए के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र ने अपने ही गांव के एक व्यक्ति के सिर पर लकड़ी के बहिंगा और पत्थर से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से घायल व्यक्ति की इलाज के लिए जशपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मामले में सन्ना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान फगुआ राम कोरवा (30 वर्ष) निवासी कंदराई पाठ के रूप में हुई है। वहीं मामले में आरोपी फगुआ राम कोरवा (50 वर्ष) और उसका पुत्र बृजनाथ राम कोरवा (21 वर्ष) निवासी कंदराई पाठ को गिरफ्तार किया गया है।

रुपए के हिस्से को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक 10 अगस्त की सुबह आरोपी पिता-पुत्र लकड़ी बेचने सन्ना आए थे। इसी दौरान सन्ना निवासी राजू नामक व्यक्ति ने उन्हें अपने घर के मृत बछड़े को दफनाने के लिए कहा। आरोपियों ने बछड़े को दफना दिया, जिसके एवज में उन्हें रुपए मिले।

बाद में पंचायत भवन सन्ना के पास आरोपियों की मुलाकात मृतक फगुआ राम से हुई। मृतक ने बछड़े को दफनाने के बदले मिले रुपए में अपना हिस्सा मांगा। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों ने लकड़ी के बहिंगा और पास पड़े पत्थर से फगुआ राम के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर बेहोश हो गया।

घायल को एंबुलेंस से उपचार के लिए जशपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि

घटना की सूचना मिलने पर मृतक के भाई अघनू राम कोरवा (36 वर्ष) ने 10 अगस्त की शाम करीब 8 बजे सन्ना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में लगी चोट के कारण मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक बताए जाने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बहिंगा और पत्थर भी जब्त किया है।

मामले की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक सीरद साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक रविंद्र एक्का, आरक्षक मनोज जांगड़े, सुरेश टोप्पो और संतोष प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।