By. चैन सिंह गहने
कलेक्टर-एसपी की अगुवाई में शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का किया गया भ्रमण, अड्डेबाजी, शराबखोरी और हुड़दंग पर जीरो टॉलरेंस

धमतरी। आगामी जन्माष्टमी एवं गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंगलवार को कलेक्टर अबिनास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के नेतृत्व में जिला मुख्यालय और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस-प्रशासन ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ ही असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने की चेतावनी दी।
फ्लैग मार्च गांधी मैदान से शुरू होकर लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, रत्नाबांधा, मकई चौक, सदर बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से गुजरा। इसके बाद विंध्यवासिनी मंदिर के सामने से सिहावा चौक, अर्जुनी चौक, भखारा रोड बाईपास होते हुए मुजगहन, लोहरसी और रत्नाबांधा रोड पहुंचकर फ्लैग मार्च संपन्न हुआ।
इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की मौजूदगी के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया।
अड्डेबाजी और हुड़दंग पर रहेगी कड़ी नजर
कलेक्टर और एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन के दौरान अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, शराबखोरी, छेड़छाड़, मारपीट, सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव और हुड़दंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों, उपद्रवी तत्वों और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सभी थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी और चेकिंग
एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पेट्रोलिंग, नाकाबंदी और सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रमुख मार्गों और जिले के प्रवेश-निकास मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर वाहनों की रैंडम चेकिंग की जा रही है। अवैध हथियार, शराब, मादक पदार्थ और अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।
सीसीटीवी और पेट्रोलिंग से निगरानी
त्योहारों के दौरान शहर एवं जिले में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ बैरिकेडिंग, पैदल पेट्रोलिंग और मोबाइल पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रही हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
अफवाहों से बचने और संदिग्ध
पुलिस-प्रशासन ने जिलेवासियों से त्योहारों को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें। किसी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।
धमतरी पुलिस हेल्पलाइन:
100/112 — आपातकालीन पुलिस सेवा
94791-92299 — धमतरी पुलिस कंट्रोल रूम
पुलिस ने संदेश दिया है कि त्योहार खुशियों और भाईचारे का अवसर हैं, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का नहीं। नागरिक कानून का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाएं।
फ्लैग मार्च के दौरान डीएफओ कृष्ण जाधव, एएसपी डीसी पटेल, एएसपी शैलेन्द्र कुमार पांडेय, संयुक्त कलेक्टर इंदिरा देहारी, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी (आईपीएस), एसडीएम पियुष तिवारी, डीएसपी भानूप्रताप चंद्राकर, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, तहसीलदार कुश प्रधान, रक्षित निरीक्षक, समस्त थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल, डीआरजी एवं यातायात पुलिस के जवान मौजूद रहे।
