बेटी को परेशान करने से मना करने पर टांगिया से सिर पर किया वार, रायडीह झारखंड से पकड़ा गया आरोपी

जशपुर। जिले के आस्ता थाना क्षेत्र के ग्राम हर्री में महिला की हत्या के मामले की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को झारखंड के रायडीह से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। बेटी द्वारा बातचीत करने से मना करने और मृतिका द्वारा उसे बेटी को परेशान करने से रोकने पर आरोपी नाराज था।
पुलिस के अनुसार, ग्राम हर्री निवासी 55 वर्षीय धनमनी बाई अपने पति के साथ रहती थी। 3 सितंबर को उसका पति करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद मवेशी चराने जंगल चला गया था। शाम करीब 6 बजे जब वह वापस लौटा तो उसकी पत्नी घर के अंदर जमीन पर पड़ी मिली। उसके चेहरे के दाहिने हिस्से में गंभीर चोट थी और खून निकल रहा था। पास में टांगिया भी पड़ा हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर आस्ता पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतिका के परिजनों और गवाहों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अवधेश राम कुछ दिन पहले मृतिका के घर आया था और उसके साथ विवाद हुआ था।
पुलिस ने संदेह के आधार पर अवधेश राम की तलाश शुरू की। उसके ग्राम कोमडो स्थित घर पर वह नहीं मिला। तकनीकी टीम की मदद से उसकी लगातार ट्रेसिंग की गई। इसी दौरान उसके रायडीह, झारखंड में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने तत्काल रायडीह पहुंचकर अवधेश राम उर्फ गुटका, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कोमडो, थाना सिटी कोतवाली जशपुर को हिरासत में लिया और जशपुर लाया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। बेटी के बातचीत नहीं करने से वह नाराज था। इसी नाराजगी में वह मृतिका के घर पहुंचा था। वहां मृतिका ने उसे अपनी बेटी से बातचीत करने और उसे परेशान करने से मना किया। इस बात से आरोपी आवेश में आ गया और घर में रखे टांगिया से धनमनी बाई के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगिया जब्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 5 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका: एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, आस्ता थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन यादव, सउनि अमितलाल टोप्पो सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की मामले के खुलासे एवं आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि ग्राम हर्री में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। हत्या में प्रयुक्त टांगिया भी जब्त किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
