छत्तीसगढ़ मीडिया एसोसिएशन की बैठक में अहम फैसला, शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी रहेगी पैनी नजर

गांव-गांव पहुंचेगा ‘पत्रकार मितान’, जनसमस्याओं की रखेगा खबर
by.अविनाश वाधवा

तिल्दा-नेवरा। पत्रकारिता को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ मीडिया एसोसिएशन ने एक महत्वपूर्ण पहल करने का निर्णय लिया है। संगठन क्षेत्र के गांव-गांव में ‘पत्रकार मितान’ का गठन करेगा। इसके तहत जागरूक एवं जिम्मेदार लोगों को संगठन से जोड़कर स्थानीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों की जानकारी पत्रकारों तक पहुंचाई जाएगी।
एसोसिएशन की बैठक में पत्रकारों ने कहा कि गांवों में अनेक ऐसी समस्याएं मौजूद रहती हैं, जिनकी जानकारी समय पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक नहीं पहुंच पाती। वहीं शासन द्वारा गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा एवं आम नागरिकों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी जमीनी स्थिति सामने लाना भी आवश्यक है।
इसी उद्देश्य से पत्रकार मितान गांवों में जनता और पत्रकारों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करेंगे। वे सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, राशन, आवास, नाली, सार्वजनिक सुविधाओं सहित स्थानीय समस्याओं की जानकारी संगठन के पत्रकारों तक पहुंचाएंगे। इसके साथ ही शासन की जनहितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को मिल रहे लाभ की स्थिति से भी अवगत कराया जाएगा।
बैठक में पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि पत्रकार मितान का उद्देश्य किसी व्यक्ति, अधिकारी अथवा संस्था को बदनाम करना नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर जनहित की आवाज को मजबूती देना है। यदि किसी क्षेत्र में समस्या है तो उसे संबंधित विभाग और प्रशासन के संज्ञान में लाने का प्रयास किया जाएगा।
एसोसिएशन ने कहा कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों की आवाज को व्यापक मंच मिलेगा और पत्रकारिता का जुड़ाव सीधे जनता से और मजबूत होगा। बैठक में संगठन विस्तार, पत्रकार हित तथा जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।