दो महिलाएं गिरफ्तार

जशपुर। दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम कस्तूरा में आयोजित रथ मेला के दौरान महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, जशपुर निवासी सरमा देवी 16 जुलाई 2026 को अपने परिजनों के साथ कस्तूरा में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मेला देखने गई थीं। मेले में अत्यधिक भीड़ के दौरान किसी ने उनके गले से करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन चोरी कर ली। शिकायत पर थाना दुलदुला में अपराध क्रमांक 46/26 तथा बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ड्रोन फुटेज से मिला अहम सुराग
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रथ मेला स्थल पर ड्रोन कैमरे से वीडियो और फोटो बनाए जा रहे थे। पुलिस टीम ने ड्रोन संचालक से संपर्क कर घटना के दिन के वीडियो फुटेज हासिल किए। फुटेज का बारीकी से अवलोकन करने पर प्रार्थिया के आसपास संदिग्ध रूप से खड़ी कुछ महिलाओं की पहचान करने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने संदिग्ध महिलाओं के फोटो प्राप्त कर विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किए और उनकी पतासाजी शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से पुलिस को जानकारी मिली कि फुटेज में दिखाई दे रही संदिग्ध महिलाएं सोनिया बाई (30) और अनिता बाई (35), दोनों निवासी पत्ताकेला, थाना बगीचा, जिला जशपुर हैं।
सोने की चेन बरामद कर जब्त कर ली
पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों महिलाओं ने एक अन्य महिला साथी के साथ मिलकर भीड़ का फायदा उठाते हुए सरमा देवी के गले से सोने की चेन चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन बरामद कर जब्त कर ली। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल एक अन्य महिला आरोपी घटना के बाद से फरार बताई जा रही है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के निर्देशन और एसडीओपी जशपुर निमितेष सिंह के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी दुलदुला उप निरीक्षक सुनील सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
