11 और 12 अगस्त को खुलेगी दो दिवसीय सुधार विंडो, छूटे विद्यार्थियों को मिला एक और मौका
जशपुर नगर। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, कुनकुरी में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए आयोजित जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) 2027 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक विद्यार्थी 10 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 7 अगस्त निर्धारित थी।
नवोदय विद्यालय समिति (NVS), शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने प्रशासनिक कारणों से पंजीकरण की अंतिम तिथि में विस्तार किया है। अंतिम तिथि बढ़ने से उन विद्यार्थियों को आवेदन का एक और अवसर मिल गया है, जो किसी कारणवश निर्धारित समय तक अपना ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाए थे।
पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय कुनकुरी के प्राचार्य संजीव कुमार झा ने बताया कि कई विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पाने के कारण इस अवसर से वंचित रह गए थे। विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आवेदन की तिथि बढ़ाई गई है। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
11 और 12 अगस्त को सुधार का मौका
पंजीकरण प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 11 अगस्त और 12 अगस्त 2026 को दो दिवसीय सुधार विंडो (Correction Window) खोली जाएगी। इस दौरान अभ्यर्थी और अभिभावक ऑनलाइन आवेदन में आवश्यक सुधार कर सकेंगे। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय के ऑनलाइन आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट: navodaya.gov.in पर आवेदन करें।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी पात्र विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे बढ़ी हुई अंतिम तिथि के भीतर आवेदन जरूर करें। आवेदन के बाद यदि किसी जानकारी में सुधार की आवश्यकता हो तो 11 और 12 अगस्त को उपलब्ध सुधार विंडो का लाभ उठाया जा सकता है।
