सड़क किनारे मृत गौवंश पड़ा, जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

By.अविनाश वाधवा

तिल्दा-नेवरा। तिल्दा-सासाहोली मुख्य मार्ग पर गोपाल पेट्रोल पंप के आसपास सड़क हादसे में मृत हुई गौ माता का शव एक से दो दिनों से सड़क किनारे पड़ा होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद अब तक शव को मौके से नहीं हटाया गया, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और गौसेवा से जुड़े संगठनों की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।

इस मामले को लेकर समाजसेवी संस्था संजीवनी रक्तदाता संघ के अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह चौहान ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विभिन्न संगठन गौसेवा के प्रति अपनी सक्रियता दिखाते हैं, लेकिन सड़क हादसे में मृत गौ माता के शव को सम्मानजनक तरीके से हटाने और उचित स्थान तक पहुंचाने की दिशा में तत्काल पहल नहीं होना चिंताजनक है।

चौहान ने मामले की जानकारी नगर पालिका के सुपरवाइजर को फोन के माध्यम से दी। इस पर सुपरवाइजर ने अगले दिन मृत गौवंश को हटाने की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

अब देखना यह है कि नगर पालिका द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद मृत गौवंश को कितनी शीघ्रता से हटाकर नियमानुसार उचित व्यवस्था की जाती है।