बेटे ने सील-लोढ़ा से पिता की हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। तपकरा थाना क्षेत्र के ऊपर कछार चौकी अंतर्गत ग्राम सिंगीबहार में घरेलू विवाद के दौरान बेटे ने अपने पिता के सिर पर सील-लोढ़ा से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 6 अगस्त 2026 की है। मृतक कृष्णा सिंह के भतीजे योगादर सिंह को गांव के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि कृष्णा सिंह के बेटे सूरज सिंह ने अपने पिता के साथ मारपीट की है, जिससे वह बेहोश हो गए हैं। सूचना मिलने पर योगादर सिंह मौके पर पहुंचा तो कृष्णा सिंह खटिया पर बेहोश पड़े थे। उनके नाक, मुंह और कान से खून निकल रहा था, जबकि आरोपी सूरज सिंह भी मौके पर मौजूद था।

इसके बाद घायल कृष्णा सिंह को एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल केरासई ले जाया गया। वहां से उन्हें कुनकुरी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभ में कुनकुरी थाने में मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। मामला तपकरा थाना क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी आगे की कार्रवाई के लिए तपकरा थाना भेजी गई।

पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 7 अगस्त को आरोपी सूरज सिंह (32 वर्ष), निवासी ग्राम सिंगीबहार, चौकी ऊपर कछार, थाना तपकरा, जिला जशपुर को हिरासत में लिया।

अक्सर बाप बेटे की होती थी लड़ाई

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका पिता झगड़ालू प्रवृत्ति का था और आए दिन घर व बाहर विवाद करता रहता था। घटना के दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में आकर सूरज सिंह ने घर में रखे सील-लोढ़ा से अपने पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सील-लोढ़ा भी जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार किए जाने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कौशिक, चौकी प्रभारी ऊपर कछार सहायक उप निरीक्षक भुनेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा तथा आरक्षक दिलीप खलखो, सोनू सिंह और अमेश पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।