वैन्यू कार में उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था आरोपी, बागबहार के गांधी चौक पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

जशपुरनगर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस के ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। बागबहार थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब 60 किलो अवैध गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांजा उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वैन्यू कार भी जब्त की है। जब्त गांजे और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 31 अगस्त की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से वैन्यू कार क्रमांक UP-91-U 6302 में बड़ी मात्रा में गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में बागबहार पुलिस ने संभावित मार्गों पर नाकाबंदी और घेराबंदी शुरू की।
इसी दौरान गांधी चौक बागबहार के पास संदिग्ध वैन्यू कार दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम विकास चौधरी (27), निवासी समस्तीपुर, बिहार, वर्तमान निवास गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश बताया।
गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की में प्लास्टिक टेप से लिपटे 60 पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें करीब 60 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त वैन्यू कार को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था गांजा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी द्वारा उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को गांजा किस व्यक्ति से मिला था और उत्तर प्रदेश में इसे किसे पहुंचाया जाना था। मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बागबहार थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
40 लाख रुपये की जब्ती
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में करीब 60 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये, तथा वैन्यू कार, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है, जब्त की गई है। इस तरह कुल जब्ती करीब 40 लाख रुपये की है।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघात लगातार जारी है। मुखबिर तंत्र को मजबूत करने के साथ तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर नशे के सौदागरों पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल, डीएसपी जशपुर शुभम तिवारी, थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक ललित कुमार यादव, प्रधान आरक्षक लव चौहान, आरक्षक अजय खेस, आरक्षक पवन पैंकरा सहित जशपुर पुलिस की साइबर/टेक्निकल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
