अविनाश वाधवा को तिल्दा-नेवरा की कमान, संगठन विस्तार को मिलेगी नई रफ्तार

छत्तीसगढ़ मीडिया एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से सौंपी ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी

जिलाध्यक्ष शैलेश सिंह राजपूत बोले—कर्मठ पत्रकारों को मिलेगी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

तिल्दा-नेवरा। पत्रकार हितों एवं जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले छत्तीसगढ़ मीडिया एसोसिएशन ने तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में संगठन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सासाहोली स्थित विश्राम गृह में आयोजित बैठक में अविनाश वाधवा को सर्वसम्मति से छत्तीसगढ़ मीडिया एसोसिएशन का तिल्दा-नेवरा ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

अविनाश वाधवा को मिली नई जिम्मेदारी को संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में मौजूद पत्रकारों ने वाधवा का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में पत्रकारों की समस्याओं, पत्रकार हितों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को और मजबूती के साथ उठाया जाएगा।

बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, आगामी गतिविधियों को गति देने तथा क्षेत्र में संगठन के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। अविनाश वाधवा के नेतृत्व में तिल्दा-नेवरा ब्लॉक में संगठन की गतिविधियों को सक्रिय और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

छत्तीसगढ़ मीडिया एसोसिएशन के प्रदेश कार्यकारिणी एवं रायपुर जिलाध्यक्ष शैलेश सिंह राजपूत ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों के हितों की रक्षा करने के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने कहा कि आगामी बैठक में संगठन विस्तार को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि संगठन में सक्रिय, कर्मठ और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले पत्रकारों को जिला एवं विधानसभा स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, जिससे संगठन की गतिविधियों को और मजबूती मिल सके।

जिलाध्यक्ष राजपूत ने सभी पत्रकारों से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। वहीं, अविनाश वाधवा की नई जिम्मेदारी को लेकर पत्रकारों में भी उत्साह देखा गया।

बैठक में धीरेन्द्र जायसवाल, पवन बघेल, संतोष यदू, प्रकाश जोशी, श्रीराम चौहान, आशु वर्मा, अजय तिवारी, महेश भट्ट, पंकज साहू, नेतराम साहू सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।