कैलाश गुफा मेला क्षेत्र के पास 14 हाथियों का डेरा, हमले में एक व्यक्ति घायल

जशपुर। जिले के बगीचा विकासखंड स्थित प्रसिद्ध कैलाश गुफा मेला क्षेत्र के आसपास इन दिनों 14 हाथियों के दल की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार हाथियों का यह दल शुक्रवार रात से मेला क्षेत्र से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर डेरा डाले हुए है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है।

इसी दौरान हाथियों के दल द्वारा एक व्यक्ति को दौड़ाए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि हाथी के पैर की चपेट में आने से व्यक्ति घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

कैलाश गुफा मेला क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों और मेला क्षेत्र में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से हाथियों के करीब नहीं जाने, उन्हें छेड़ने या देखने के लिए भीड़ नहीं लगाने की अपील की गई है।

वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है।