पण्ड्रापाठ पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 160 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त


जशपुरनगर। पण्ड्रापाठ पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम गायबुडा स्कूलपारा में एक आरोपी के घर से हाथ भट्ठी से तैयार 160 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से शराब बिक्री की 900 रुपये की रकम भी बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 24 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को पण्ड्रापाठ पुलिस टीम सावन पूजा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था ड्यूटी के लिए ग्राम गायबुडा कैलाशगुफा की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गायबुडा स्कूलपारा निवासी मोहन रवि (26) अपने घर में हाथ भट्ठी से तैयार कच्ची महुआ शराब बनाकर बिक्री कर रहा है और लोगों को बैठाकर शराब पिला रहा है।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान अलग-अलग जरीकेनों में कुल 160 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। आरोपी से शराब रखने और बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज या अनुमति मांगी गई, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई


पुलिस ने शराब और बिक्री की रकम को विधिवत जब्त कर आरोपी मोहन रवि पिता स्व. टिभुल रवि, निवासी गायबुडा स्कूलपारा, चौकी पण्ड्रापाठ, थाना बगीचा, जिला जशपुर के खिलाफ अपराध क्रमांक 214/2026 दर्ज किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी पण्ड्रापाठ उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी, पीएसआई माधुरी वर्मा, आरक्षक कुंदन नायक और महिला आरक्षक पूना मनी भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।