सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पहुंची आरोपी तक, दूसरा आरोपी फरार
जशपुरनगर। कुनकुरी में मोबाइल दुकान का शटर काटकर करीब 150 मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में जशपुर पुलिस ने एक आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिट्ठू बैग और मोबाइल हैंडसेट जब्त किया है। वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है और चोरी किए गए मोबाइल फोन उसी के पास होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, कुनकुरी निवासी पंकज कुमार पारिक की कठौतिया मोबाइल शॉप में 11 अगस्त की रात चोरी हुई थी। दुकान संचालक रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह सूर्योदय बैंक के कर्मचारी ने दुकान का शटर खुला होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान के दोनों ताले कटे मिले और अंदर मोबाइल के डिब्बे अस्त-व्यस्त थे। जांच में करीब 150 मोबाइल हैंडसेट गायब मिले।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कुनकुरी में अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) और 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
होटल की जानकारी और सीसीटीवी से मिला पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और प्रार्थी व गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में सामने आया कि वारदात को दो लोगों ने मिलकर अंजाम दिया था। घटना स्थल के पास एक होटल में दो संदिग्धों के खाना खाने और होटल संचालक को मोबाइल नंबर दिए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली।
सीसीटीवी फुटेज, होटल से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान करने के बाद पुलिस ने एक आरोपी की पहचान तौसीफ रजा (35), निवासी मुर्गीटोली, मध्य नारायणपुर, थाना राजमहल, जिला साहेबगंज, झारखंड के रूप में की।
झारखंड पहुंची पुलिस टीम
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम झारखंड रवाना की गई। लगातार पतासाजी के बाद टीम ने तौसीफ रजा को हिरासत में लिया और कुनकुरी थाना लाया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी झारखंड से निकलकर ओडिशा, आंध्रप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों पर मोबाइल दुकानों की रेकी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुनकुरी की कठौतिया मोबाइल शॉप को निशाना बनाया।
घटना की रात दोनों दुकान के पीछे पहुंचे और औजार से शटर के दोनों ताले काटकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद मोबाइल फोन पिट्ठू बैग में भरकर वहां से निकल गए। कुछ दूरी पर दोनों ने मोबाइल के कवर और डिब्बे अलग कर झाड़ियों में फेंक दिए और केवल मोबाइल हैंडसेट लेकर बस से फरार हो गए।
चोरी के मोबाइल दूसरे आरोपी के पास
पुलिस के अनुसार, तौसीफ ने पूछताछ में बताया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन उसके दूसरे साथी के पास हैं। पुलिस ने दूसरे आरोपी की पहचान कर ली है, लेकिन वह अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी और करीब 150 चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिट्ठू बैग और मोबाइल हैंडसेट जब्त किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक राकेश यादव, निरीक्षक गौरव पांडे, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले, पीएसआई देविका मंडावी, नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक चंद्र शेखर बंजारे और आरक्षक नंदलाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
