
डोड़काचौरा के रंगोली ढाबा के पास हुआ हादसा, रक्षाबंधन से पहले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जशपुर। रक्षाबंधन से ठीक एक दिन पहले जशपुर में हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। डोड़काचौरा स्थित रंगोली ढाबा के पास तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। 112 की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान जशपुर निवासी रूपेश साव के रूप में हुई है।
हादसे के बाद ट्रक लेकर भागा चालक
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने फरार ट्रक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने पीछा करते हुए लोदाम थाना क्षेत्र में ट्रक को पकड़ लिया।
पुलिस द्वारा जब्त किए गए ट्रक के सामने की बॉडी पर खून के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।
अस्पताल में नहीं बच सकी जान
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक के सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल जशपुर ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं
रक्षाबंधन के ठीक पहले रूपेश साव की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस की पूछताछ के बाद हादसे की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

