पहचान छिपाकर पंजाब समेत कई राज्यों में बदल रहा था ठिकाने, जामुल पुलिस ने दबोचा

दुर्ग, 5 सितंबर 2026। हत्या के प्रयास के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे ईनामी आरोपी को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी पहचान छिपाकर पंजाब, छत्तीसगढ़ सहित अन्य स्थानों पर लगातार ठिकाने बदलकर रह रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान सुनिश्चित कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 में कुरूद निवासी योगेश सहारे ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके छोटे भाई नरेन्द्र सहारे पर स्कूटी सवार व्यक्ति ने प्राणघातक हमला कर उसे घायल कर दिया। शिकायत पर थाना जामुल में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और पहचान सुनिश्चित करने के बाद आरोपी सेवा सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में आरोपी के विरुद्ध दुर्ग जिले के जामुल, खुर्सीपार, कोतवाली दुर्ग, वैशाली नगर और छावनी थानों में विभिन्न अपराध दर्ज होना भी सामने आया है। थाना छावनी के वर्ष 2024 के एक प्रकरण में आरोपी के खिलाफ पुलिस द्वारा ईनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2024 की घटना में आरोपी स्कूटी से पहुंचा था और नरेन्द्र सहारे पर प्राणघातक हमला किया था। घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना स्थान बदलता रहा और अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग जगहों पर रह रहा था।
गिरफ्तार आरोपी सेवा सिंह, वर्तमान में कैम्प-01, पटेल डेयरी के पास, छावनी, दुर्ग का निवासी बताया गया है। उसका मूल निवास तरण तारण, पंजाब बताया गया है।
आरोपी के विरुद्ध दर्ज प्रकरण
थाना जामुल — अपराध क्रमांक 249/2024, धारा 109 बीएनएस।
थाना खुर्सीपार — अपराध क्रमांक 290/2016, धारा 294, 323, 506 भादवि।
थाना कोतवाली दुर्ग — अपराध क्रमांक 136/2016, धारा 379 भादवि।
थाना वैशाली नगर — अपराध क्रमांक 60/2023, धारा 294, 323, 341, 34 भादवि।
थाना छावनी — अपराध क्रमांक 19/2024, धारा 294, 323, 506, 327 भादवि।
थाना छावनी — अपराध क्रमांक 111/2024, धारा 363 भादवि।
इस कार्रवाई में थाना जामुल पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की लगातार तलाश, मुखबिर सूचना के सत्यापन और पहचान सुनिश्चित करने के बाद गिरफ्तारी की गई।
