प्रतिबंधित नशीली सिरप और 720 कैप्सूल विक्रेता को पुलिस ने धर दबोचा,करोड़ो का सौदा

पडोंसी राज्यों से सप्लाई,बड़ी मात्रा में नशीली सिरप और गोलियां

सुकमा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आगाज के तहत सुकमा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली सिरप और कैप्सूल के साथ एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 720 नग Pyeevon Spas Plus कैप्सूल और 108 नग OnyRex-Plus Cough Syrup बरामद किया गया है। जब्त नशीले पदार्थ, बाइक और मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह एवं मनोज तिर्की ने सभी थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों और अवैध नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा से एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में नशीली सिरप और गोलियां लेकर सुकमा शहर में बिक्री के लिए पहुंचने वाला है।

कार्टून भर नशीले पदार्थों को खपाने की थीं तैयारी

सूचना पर सिटी कोतवाली निरीक्षक रोशन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुम्हारपारा के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेंद्र बिस्वास गोविंद बिस्वास (36), निवासी पदमगिरी बताया। वर्तमान में वह मलकानगिरी, ओडिशा में रहकर नशीले पदार्थों की सप्लाई करने की बात सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद कार्टून की जांच की तो उसमें 720 नग Pyeevon Spas Plus कैप्सूल और 108 नग OnyRex-Plus Cough Syrup मिले। आरोपी इन पदार्थों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने नशीली सामग्री के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया।

24 अंतरराज्यीय तस्करों के खिलाफ कार्रवाई

आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है और नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन से जुड़े बड़े तस्करों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।
सुकमा पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन आगाज के तहत अब तक 24 अंतरराज्यीय तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है और करीब 3,31,77,650 रुपये कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।