आरोपी ने शिक्षक को फर्जी व्यक्ति बताते हुए गाली-गलौज और मारपीट की थी। इस दौरान उसने शिक्षक का आईडी कार्ड छीनकर फेंक दिया और जान से मारने की धमकी भी दी थी।
जशपुरनगर। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण शासकीय कार्य में बाधा डालने और जनगणना प्रगणक शिक्षक के साथ मारपीट करने के मामले में पत्थलगांव पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने शिक्षक को फर्जी व्यक्ति बताते हुए गाली-गलौज और मारपीट की थी। इस दौरान उसने शिक्षक का आईडी कार्ड छीनकर फेंक दिया और जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पुलिस के अनुसार, 5 मई 2026 को शिक्षक सतीश कुमार सक्सेना (42), निवासी ग्राम कुमकेला, थाना पत्थलगांव, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी ड्यूटी जनगणना प्रगणक के रूप में लगाई गई थी। जनगणना कार्य के सिलसिले में वे ग्राम सुरेशपुर गए थे। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उन्हें रोक लिया और फर्जी व्यक्ति बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपी ने हाथ-मुक्के से मारपीट करते हुए उनका आईडी कार्ड खींचकर फेंक दिया तथा जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत बीएनएस की धारा 221, 132, 296, 351(3) और 115(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की हुई पहचान
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान लिए। तकनीकी जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान शुभम कुजूर उर्फ बंटी कुजूर (26), निवासी रामभाटा, संजय मैदान, हरदिया गली, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ के रूप में हुई। जांच में पता चला कि घटना के दिन आरोपी ग्राम सुरेशपुर में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने आया था। इसी दौरान उसने जनगणना कार्य में लगे शिक्षक के साथ मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की थी।
रायगढ़ से आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रायगढ़ स्थित अपने रामभाटा के घर आया हुआ है। सूचना के आधार पर पत्थलगांव पुलिस और तकनीकी टीम ने तत्काल रायगढ़ पहुंचकर आरोपी के ठिकाने की घेराबंदी की और उसे हिरासत में लिया।
इसके बाद नियमानुसार कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान कार्यवाही कराई गई। पहचान के दौरान प्रार्थी सतीश कुमार सक्सेना ने हिरासत में लिए गए शुभम कुजूर की पहचान घटना में शामिल व्यक्ति के रूप में की।
पुलिस पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचनात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक अनुज एक्का, चंद्र विजय साय तथा आरक्षक आकाश कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
