31.40 लाख की पुलिया स्वीकृत, भूमिपूजन के तीन साल बाद भी निर्माण नही हुआ शुरु

बारोडोडा वार्ड क्रमांक-3 के ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

बारिश में अस्थायी पुलिया बहने से स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

पत्थलगांव/जशपुर। ग्राम पंचायत कोकियाखार के मोहल्ला बारोडोडा वार्ड क्रमांक-3 में 31.40 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत पुलिया निर्माण कार्य तीन साल से अधिक समय बीतने के बाद भी शुरू नहीं हो सका है। पुलिया निर्माण के लिए 20 अप्रैल 2023 को तत्कालीन विधायक एवं अनुसूचित जनजाति सलाहकार परिषद के तत्कालीन उपाध्यक्ष रामपुकार सिंह ठाकुर के मुख्य आतिथ्य में भूमिपूजन भी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन बोर्ड, रायपुर द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 में उक्त पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया था। इसकी अनुमानित लागत 31.40 लाख रुपये है। भूमिपूजन के बाद लंबे समय से निर्माण कार्य शुरू नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित ठेकेदार के किसी कानूनी मामले में जेल में होने की जानकारी स्थानीय स्तर पर सामने आई है। हालांकि, ठेकेदार की व्यक्तिगत समस्या के कारण शासन की राशि से स्वीकृत जनहित का कार्य वर्षों तक लंबित रहना ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।

बारिश में बह गई अस्थायी व्यवस्था


पुलिया का निर्माण नहीं होने के कारण ग्रामीणों और ग्राम पंचायत की ओर से आवागमन के लिए अस्थायी व्यवस्था बनाई गई थी। लेकिन बारिश के दौरान आई बाढ़ में यह अस्थायी व्यवस्था भी बह गई। इसके बाद ग्रामीणों और खासकर स्कूली बच्चों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार, पुलिया के अभाव में बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित विभाग द्वारा 13 अगस्त 2026 को सड़क की आवश्यकता को सही पाया गया है। इसके बाद ग्रामीणों ने अब प्रशासन से पुलिया निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने रखीं तीन प्रमुख मांगें


ग्रामीणों ने मंगलवार को अपनी समस्या लेकर कलेक्ट्रेड जनदर्शन में पहुंचें और अपनी समस्या को कलेक्टर रोहित व्यास के नाम आवेदन सौपा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्वीकृत पुलिया निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जांच कराई जाए। यदि वर्तमान ठेकेदार के कारण कार्य लंबित है तो नियमानुसार उसका अनुबंध निरस्त कर नए ठेकेदार के माध्यम से पुलिया निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए।

इसके साथ ही निर्माण कार्य शुरू होने तक ग्राम पंचायत कोकियाखार के माध्यम से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के आवागमन के लिए अस्थायी व्यवस्था कराने की मांग की गई है, ताकि बारिश के दौरान किसी तरह की दुर्घटना या आवागमन की समस्या न हो।