ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026

जशपुरनगर। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय कुनकुरी में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं एवं 11वीं की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु पार्श्व प्रवेश चयन परीक्षा (LEST-2027) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। नवोदय विद्यालय समिति, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित इस चयन परीक्षा में पात्र विद्यार्थी निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्राचार्य संजीव कुमार ने बताया ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है।
कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी
cbseitms.nic.in/2026/nvsix_9 तथा कक्षा 11वीं के लिए cbseitms.nic.in/2026/nvsxi_11 पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
विद्यालय की ओर से बताया गया है कि प्रवेश परीक्षा में शामिल होने से पहले अभ्यर्थी पात्रता शर्तों, नियमों एवं अन्य आवश्यक जानकारी को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल पर उपलब्ध प्रॉस्पेक्टस (विवरणिका) का अवलोकन करना आवश्यक है।
विद्यालय के प्राचार्य ने सभी पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थियों से 30 सितंबर 2026 से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
