
15 महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों से वसूली गई थी रकम, सिटी कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया अमानत में खयानत का मामला
जशपुर। भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड के कलेक्शन एजेंट द्वारा 42 हितग्राहियों से ऋण की किश्त के रूप में वसूली गई 9 लाख 46 हजार 49 रुपये की राशि कंपनी में जमा नहीं करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी कलेक्शन एजेंट रवि राम चौहान (40) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड के तत्कालीन जशपुर ब्रांच मैनेजर सौखी लाल बघेल ने 20 अगस्त 2026 को थाना सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों में महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को माइक्रो फाइनेंस के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराती है। ऋण की किश्तों की वसूली कलेक्शन एजेंटों के माध्यम से की जाती है।
शिकायत के मुताबिक, जशपुर ब्रांच में कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत रवि राम चौहान ने 7 नवंबर 2022 से 5 जुलाई 2023 के बीच 15 महिला स्व-सहायता समूहों के 42 सदस्यों से कुल 9,46,049 रुपये ऋण की किश्त के रूप में वसूल किए। आरोप है कि उसने यह राशि कंपनी के जशपुर ब्रांच में जमा नहीं की और कथित रूप से गबन कर लिया।
कंपनी की ओर से मामले की जांच की गई, जिसमें 42 हितग्राहियों से राशि वसूले जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हितग्राहियों से राशि प्राप्त करने और कंपनी में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की थी।
बताया गया कि 12 जुलाई 2023 को आरोपी ने नोटरी शपथ पत्र के माध्यम से राशि कंपनी में जमा करने के लिए तीन माह का समय लिया था, लेकिन निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी रकम कंपनी में जमा नहीं की गई।
इसके बाद प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 257/2026, धारा 409 भादवि. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपी रवि राम चौहान पिता अलप साय, निवासी पेमला, थाना बागबहार, जिला जशपुर, हाल मुकाम संगम चौक दरबारीटोली, जशपुर को जशपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर गबन की गई राशि और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
आरोपी की गिरफ्तारी और कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर मोर ध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू एवं कोतवाली पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
