तलाश अभियान में मिला पिस्टल और विस्फोटक सामग्री

कोण्डागांव। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत कोण्डागांव पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर नक्सल सेल, डीआरजी/बस्तर फाइटर्स और बीडीएस की संयुक्त टीम ने थाना मर्दापाल क्षेत्र के ग्राम कोरमेल, पुसपाल मोखामारी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग एवं डी-माइनिंग अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा डंप की गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार और अन्य सामान बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 01 नग 9 एमएम पिस्टल, करीब 30 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री समेत बड़ी मात्रा में नक्सली डंप सामग्री बरामद हुई। बरामद 10 किलोग्राम वजन के टिफिन आईईडी को बीडीएस टीम ने सुरक्षा के दृष्टिगत मौके पर ही नष्ट कर दिया।
बरामद सामग्री
03 टिफिन बम, 160 नग जिलेटिन (20 किलो), 01 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 19 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 40 कमर्शियल डेटोनेटर, 06 वॉकी-टॉकी, इलेक्ट्रिक वायर के 04 बंडल, सेफ्टी फ्यूज, करीब 5 मीटर कार्डेक्स वायर, लोहे का पाइप और करीब 5 किलो हरे रंग की पॉलीथिन शामिल हैं।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा एवं पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चन्द्रा के निर्देशन में की गई। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा, एसडीओपी मर्दापाल नरेंद्र पुजारी, डीएसपी ऑप्स सिद्धार्थ बघेल सहित नक्सल सेल, डीआरजी/बस्तर फाइटर्स और बीडीएस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्रियों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
