गणेश उत्सव में अवैध चंदा वसूली पर पुलिस की रहेगी पैनी नजरसड़क पर वाहन रोककर चंदा वसूलने वालों पर होगी वैधानिक कार्रवाई


जशपुर नगर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर जिले में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना और उत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी बीच मुख्य सड़कों पर वाहनों को रोककर अवैध रूप से चंदा वसूली किए जाने की शिकायतों को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। पुलिस ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अवैध चंदा वसूली रोकने के लिए विशेष निगरानी और पेट्रोलिंग के निर्देश दिए हैं।
जिला जशपुर पुलिस कार्यालय से 8 सितंबर 2026 को जारी निर्देश में कहा गया है कि 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इस दौरान गणेश उत्सव समितियों के सदस्यों द्वारा मुख्य सड़कों पर जगह-जगह वाहनों को रोककर चंदा वसूली किए जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।
पुलिस ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों पर लगातार पेट्रोलिंग करने तथा अवैध चंदा वसूली पर विशेष निगाह रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि चंदा वसूली के कारण वाहनों का आवागमन और यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि अवैध रूप से चंदा वसूली करने वालों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस, रक्षित निरीक्षक और कंट्रोल रूम को भी इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के इस निर्देश के बाद गणेश उत्सव के दौरान मुख्य मार्गों पर वाहन रोककर चंदा वसूली करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।